डाकपत्थर बैराज के पास झाड़ियों में लगी आग, फायर यूनिट ने पाया काबू
विकासनगर क्षेत्र में डाकपत्थर बैराज के पास आज सोमवार सुबह अचानक झाड़ियों में आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन डाकपत्थर की टीम मौके पर पहुंची व समय रहते आग पर काबू भी पा लिया।
फायर विभाग के अनुसार 25 मई 2026 को सुबह करीब 4:45 बजे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि डाकपत्थर बैराज के खोदरी फेसिंग क्षेत्र के अंदर व बाहर की ओर जंगली झाड़ियों में आग लगी हुई है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन डाकपत्थर की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना भी हुई। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने मिनी हाईप्रेशर पंप व दोनों होजरील लाइनें फैलाकर आग बुझाने का अभियान भी शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर यूनिट ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना भी नहीं है। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास के बड़े क्षेत्र में फैलने से भी रोक लिया गया।