Factory producing fake 'desi' ghee busted in Khamano; 2 quintals and 86 kilograms of the finished product seized.
खाद्य सुरक्षा विभाग और खमाणों पुलिस ने रविवार रात बिलासपुर रोड स्थित एक किराये के मकान में चल रही कथित नकली देसी घी बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से 2 क्विंटल 86 किलो तैयार नकली देसी घी बरामद किया। इसके अलावा 6 क्विंटल वनस्पति घी, 4 क्विंटल रिफाइंड तेल, पैकिंग मशीनें, खाली डिब्बे, रैपर और सील लगाने वाली मशीनें भी जब्त की गईं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बिलासपुर रोड पर पिछले करीब डेढ़ से दो वर्षों से यह कथित अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। जांच में सामने आया कि वनस्पति तेल, विभिन्न रसायनों और रंगों को मिलाकर घी तैयार किया जाता था। इसके बाद इसे प्रसिद्ध ब्रांड ‘मेधा शाम’ के डिब्बों में पैक करके बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लवप्रीत सिंह ने बताया कि यह फैक्टरी जगरांव निवासी अतुल कुमार पुत्र कृष्ण द्वारा संचालित की जा रही थी। मौके से बरामद घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की प्रकृति और उत्पाद की गुणवत्ता से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
थानेदार मोहन सिंह और लखबीर सिंह ने बताया कि थाना खमाणों के मुख्य अधिकारी रोहित शर्मा को एक मुखबिर से इस फैक्टरी के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क किया और दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में कथित नकली देसी घी और इसे तैयार करने व पैक करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं और तैयार माल की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी।
