Major road accident near Gangnani; vehicle plunges 200 meters into a gorge and ends up in the river; five dead.
उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, वाहन बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। सभी यात्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इसके बाद वाहन नदी में समा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वहीं, वाहन में सवार अन्य दो लोगों की तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
