Dangerous places in Uttarakhand will be 'no selfie zones', safe selfie spots will be developed
देहरादून : प्रदेश सरकार ने राज्य में लगातार बढ़ रही सेल्फी से होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। अब खतरनाक व असुरक्षित स्थलों को “नो सेल्फी जोन” घोषित किया जाएगा। इन स्थानों पर सेल्फी लेना पूरी तरह से ही प्रतिबंधित रहेगा। वहीं दूसरी ओर, सुरक्षित स्थलों को चिन्हित कर उन्हें ‘सेल्फी जोन’ के रूप में विकसित भी किया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार, इन सुरक्षित सेल्फी स्थलों के विकास की योजना जिला प्रशासन, नगर निकाय, पंचायत स्तर की संस्थाओं व स्थानीय समूहों के माध्यम से ही बनाई जाएगी। वहीं इनके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय लोगों को दी जा सकती है।
इन स्थानों पर कार पार्किंग, अल्पाहार केंद्र, शौचालय व अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव भी मिल सके।
सचिव (आपदा प्रबंधन) विनोद कुमार सुमन ने प्रदेश के सभी डीएम, एसएसपी व अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर इस योजना को लागू करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
सोशल मीडिया की होड़ में खतरे उठा रहे युवा
पत्र में सचिव ने लिखा है कि
आज के दौर में सोशल मीडिया पर लाइक्स व फॉलोअर्स पाने की होड़ में खासकर युवा वर्ग खतरनाक जगहों पर जाकर सेल्फी लेने से भी नहीं हिचकते। हाल के वर्षों में कई हादसे भी सामने आए हैं जहां लोग रेलवे ट्रैक, ऊंची इमारतों, पुलों, नदी-तालाबों, झरनों, पहाड़ियों, खतरनाक जानवरों व चलते वाहनों में सेल्फी लेते हुए अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
यह प्रवृत्ति बेहद खतरनाक व चिंताजनक है। सरकार का यह कदम ऐसे हादसों पर रोक लगाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी माना जा रहा है।
जल्द ही जिलों में प्रस्ताव तैयार कर इन नीतियों को लागू भी किया जाएगा।
