Bolero falls into a gorge in Rudraprayag; four people dead and six injured; rescue operation continues through the night.
रुद्रप्रयाग में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल उम्मेद सिंह राणा (52) निवासी रांसी और राजेंद्र सिंह (56) निवासी रांसी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इस हादसे में कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) की जान चली गई। सभी मृतक रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र के रहने वाले थे।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
