Kannauj double murder case solved; accused confesses to raping the woman's corpse
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में चार नवंबर की रात बंद पीएचसी परिसर के आवास में रहने वाले दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी योगेश कुमार राजपूत उर्फ पंगा ने पूछताछ में महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ चार से पांच बार दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। आरोपी करीब तीन घंटे तक कमरे में मौजूद रहा था। मामले में डीएनए जांच के लिए आरोपी का सैंपल लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तालग्राम क्षेत्र के भोजापुर गांव का रहने वाला 24 वर्षीय योगेश चार नवंबर की रात चोरी के इरादे से पुरानी पीएचसी परिसर स्थित आवास में तिरपाल काटकर दाखिल हुआ था। कमरे में आहट होने पर दंपती जाग गए। इसके बाद आरोपी ने डंडे से हमला कर पहले पति की हत्या कर दी। पत्नी ने विरोध किया तो उसके साथ भी हाथापाई हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दुपट्टे से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। इस दौरान दंपती की दो साल की बेटी को भी पीटकर घायल कर दिया गया था। बच्ची फिलहाल अपने रिश्ते के चाचा के घर रह रही है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी रात करीब 12 बजे कमरे में दाखिल हुआ और लगभग तीन बजे वहां से निकला। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह की ओर से दर्ज प्राथमिकी में महिला के शव के साथ चार से पांच बार दुष्कर्म किए जाने का उल्लेख है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान महिला की स्लाइड बनाई गई थी। महिला के नाखूनों में मिले बालों के नमूने, स्लाइड और आरोपी के सैंपल को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है।
निशानदेही पर खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद
पुलिस और फॉरेंसिक टीम आरोपी को लेकर जिला अस्पताल से गुरसहायगंज पहुंची। उसकी निशानदेही पर आर्मी ग्राउंड की झाड़ियों से खून से सने कपड़े बरामद किए गए। इसके बाद पुरानी पीएचसी परिसर के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद हुआ। फॉरेंसिक टीम ने दोनों स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान महिला ने कस्बे में रहने वाले एक रिश्तेदार को मोबाइल से कॉल करने का प्रयास किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसका मोबाइल छीनकर कॉल काट दी थी। इसके बाद महिला की हत्या कर दी। आरोपी पति के पर्स से पांच हजार रुपये और एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया था। वारदात के बाद वह जीटी रोड की तरफ से गलियों के रास्ते आर्मी ग्राउंड पहुंचा और स्कूल के पास झाड़ियों में छिप गया। वहां उसने कपड़े बदले और वारदात के समय पहने कपड़े फेंक दिए।
आरोपी के पास नहीं था अपना मोबाइल फोन
पुलिस के अनुसार, योगेश अपने पास कोई मोबाइल फोन नहीं रखता था। जब उसे किसी से बात करनी होती थी तो वह परिचितों या राहगीरों के फोन से कॉल करता था। इससे पहले भी वह कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
आरोपी के बाबा बृजेश ने बताया कि उसके व्यवहार और गतिविधियों से नाराज होकर उसे चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया गया था। उनके मुताबिक, जेल से छूटने के बाद योगेश लगातार रुपये की मांग करता था और जमीन बेचने का दबाव बनाता था। आरोपी के पिता अवनीश के बारे में भी बताया गया कि वह वर्ष 2022 से लापता है और उसके खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
पहले भी हत्या समेत कई मामलों में रहा शामिल
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, योगेश उर्फ पंगा बचपन से ही छोटी-मोटी वारदातों में शामिल होने लगा था। वर्ष 2021 में पड़ोसी गांव की एक लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में उसकी पिटाई हुई थी। वर्ष 2022 में गांव में मां-बेटी की हत्या के मामले में उसे जेल भेजा गया था। अगस्त 2026 में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। ग्रामीणों का कहना है कि उसके बाहर आने के बाद गांव के लोग डर के माहौल में रहने लगे थे और रात में घरों से बाहर निकलने से बचते थे। उस पर मवेशी चोरी कर बेचने, राहजनी और चोरी जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप भी हैं।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. धनंजय चौधरी ने बताया कि शव के साथ बार-बार यौन संबंध बनाने की प्रवृत्ति को नैक्रोफिलिया कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आरोपी की मानसिक स्थिति के बारे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उसका परीक्षण जरूरी है। डॉक्टर के मुताबिक, इस मामले में बताई गई घटनाओं के आधार पर विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस डीएनए रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है
