Major fire at Ludhiana bus stand workshop; 300 old tires reduced to ashes
लुधियाना बस स्टैंड परिसर के अंदर बसों की मरम्मत करने वाली वर्कशॉप में बने पुराने टायरों के गोदाम में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखे करीब 250 से 300 पुराने टायर जलकर राख हो गए।
आग की लपटें उठती देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 5 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 20 दमकलकर्मियों ने वर्कशॉप के कर्मचारियों के सहयोग से लगभग दो घंटे तक लगातार पानी की बौछारें कीं। रात सवा 12 बजे के आसपास आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि आग की लपटें परिसर में मौजूद पेट्रोल पंप और वहां खड़ी सैकड़ों बसों तक नहीं पहुंचीं। यदि आग इन तक फैल जाती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। लीड फायरमैन रमन कुमार ने बताया कि रात करीब सवा 10 बजे पटाखे की चिंगारी से आग लगने की सूचना मिली थी। वहीं, लुधियाना डिपो के जनरल मैनेजर नवराज बातिश ने कहा कि शुरुआती तौर पर पटाखे की चिंगारी को आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन दिवाली के कई दिन बाद ऐसी घटना होना जांच का विषय है। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
