A pickup vehicle carrying pilgrims returning from a visit to Naina Devi collided with a tipper truck; three people died and two dozen were injured.
पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठ नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और दो किशोर शामिल हैं। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, माछीवाड़ा की गुरु कॉलोनी के करीब 30 लोग सोमवार सुबह हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित शक्तिपीठ नैना देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। दर्शन करने के बाद सभी महिंद्रा पिकअप में सवार होकर वापस पंजाब लौट रहे थे। इसी दौरान माछीवाड़ा के पास तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे तीन लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान गुरु कॉलोनी निवासी मुन्ना कुमार (13), गौरव कुमार (17) और मधु देवी (35) के रूप में हुई है। हादसे में घायल सभी लोगों को पहले माछीवाड़ा के अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए चंडीगढ़ और लुधियाना के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
हादसे में घायल कमलेश कुमार ने चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, चालक हरिद्वार से नहीं, बल्कि नैना देवी से वापसी के दौरान भी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। कीरतपुर के पास भी चालक की लापरवाही से हादसा होते-होते बचा था। उस समय यात्रियों ने उसे वाहन रोकने और किसी दूसरे व्यक्ति को गाड़ी चलाने देने के लिए कहा था, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। कमलेश का आरोप है कि माछीवाड़ा के पास तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टिप्पर से टकरा गया।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हुई। कमलेश के अनुसार, एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंची। इसके बाद राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की मदद से घायलों को निजी वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद से पिकअप चालक फरार बताया जा रहा है।
