In Gonda, Dhirendra Shastri said—Ram is returning once again, and Sanatan is reaching new heights.
उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नौ दिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन से पहले सनातन धर्म और हिंदू एकता को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राम अब फिर से आ रहे हैं और नौ दिनों तक रामकथा होगी। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश का हिंदू जाग रहा है और सनातन धर्म लगातार आगे बढ़ रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।” उन्होंने कहा कि सनातन नई-नई ऊंचाइयां छू रहा है और संत समाज अब केवल मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला दाता बन गया है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों का भी अब दबदबा है। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से ‘हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगवाए और आपसी तनातनी खत्म कर एकजुट होकर सच्चे सनातनी बनने का संदेश दिया।
गोंडा के जयप्रभा ग्राम स्थित चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार से नौ दिवसीय श्रीराम कथा और दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की शुरुआत हो रही है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योगगुरु स्वामी रामदेव पहले दिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा अयोध्या धाम के राजकुमार दास महाराज सहित देशभर से संत-महात्मा भी आयोजन में पहुंचेंगे।
श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास महाराज ने बताया कि मंगलवार दोपहर 12 बजे कथावाचक राजन जी महाराज संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ करेंगे। पहले दिन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और स्वामी रामदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रामकथा का श्रवण करेंगे।
