Uttarakhand Board released the results of high school and intermediate before the scheduled date, Education Minister congratulated
देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम इस वर्ष निर्धारित तिथि से पहले ही सफलतापूर्वक घोषित कर एक नई मिसाल कायम भी की है। राज्यभर में यह पहला बोर्ड रहा जिसने समय से पहले परिणाम जारी कर लाखों छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को बड़ी राहत भी दी।
परिणाम तैयार करने में अधिकारियों, शिक्षकों का अहम योगदान
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बोर्ड परिणाम की समयबद्ध घोषणा को “एक बड़ी उपलब्धि” बताते हुए परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्य सभी की अथक मेहनत, टीमवर्क और समर्पण का परिणाम है।
“उत्तराखंड बोर्ड ने पूरे देश में सबसे पहले परीक्षा परिणाम जारी कर राज्य को गौरवान्वित किया है। यह पूरे शिक्षा तंत्र की क्षमता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”
— डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड
उत्कृष्ट रहा बालिकाओं का प्रदर्शन
इस बार के परिणामों में बालिकाओं ने एक बार फिर बाज़ी मारी है:
- इंटरमीडिएट परीक्षा (कक्षा 12):
- कुल पास प्रतिशत: 83.23%
- बालिकाएं: 86.20%
- बालक: 80.10%
- हाईस्कूल परीक्षा (कक्षा 10):
- कुल पास प्रतिशत: 90.77%
- बालिकाएं: 93.25%
- बालक: 88.20%
इन आंकड़ों से साफ है कि राज्य में बालिकाओं की शिक्षा में निरंतर सुधार हो रहा है और छात्र-छात्राओं ने कड़ी मेहनत कर बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
छात्रों और अभिभावकों को शुभकामनाएं
डॉ. धन सिंह रावत ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और अवसरों को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
