Who is 'Lady Don' Zikra Due to whose fear people are leaving their houses in Delhi, she has a connection with gangster Hashim Baba
नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीलमपुर इलाके में गुरुवार शाम 17 वर्षीय किशोर कुणाल की निर्मम हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है। इस जघन्य अपराध में कथित ‘लेडी डॉन’ जिकरा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 अन्य युवकों को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
हत्या के पीछे ‘लेडी डॉन’ गैंग का हाथ
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या में जिकरा और उसके भाई साहिल की संलिप्तता है। दोनों पर आरोप है कि वे एक स्थानीय गैंग को संचालित करते हैं, जिसमें 15 से अधिक सदस्य शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) आशीष मिश्रा ने बताया कि जिकरा हाल ही में शस्त्र अधिनियम के तहत जेल से छूटी थी और खुद को ‘लेडी डॉन’ कहलाना पसंद करती है। वह सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो और तस्वीरें भी पोस्ट करती रही है।
कुणाल की मां का आरोप: “बेटे को दूसरे समुदाय से होने पर मारा गया”
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि जिकरा और साहिल ने मिलकर उनके बेटे की जान ली। उन्होंने बताया कि कुणाल का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वे रोज की तरह दूध लेने गया था, तभी उस पर हमला भी किया गया। पिता राजवीर ने कहा कि उन्होंने 4-5 युवकों को बेटे पर चाकू से वार करते देखा। आनन-फानन में कुणाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों में गुस्सा, ‘हिंदू पलायन’ के पोस्टर लगाए
हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगाने की कोशिश की और ‘हिंदू पलायन कर रहे हैं’, ‘मकान बिकाऊ है’ जैसे पोस्टर अपने घरों के बाहर लगाए। लोगों का आरोप है कि इलाके में आए दिन उनके समाज के युवाओं की हत्या हो रही है और पुलिस मूकदर्शक ही बनी हुई है।
‘योगी मॉडल’ लागू करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दिल्ली में ‘योगी मॉडल’ (उत्तर प्रदेश की तर्ज पर सख्त कानून व्यवस्था) लागू करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि अब तक इसी क्षेत्र में 7 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं, जिनमें ज्यादातर पीड़ित एक ही समुदाय से हैं।
नेताओं की प्रतिक्रिया
पटपड़गंज के विधायक रविंद्र नेगी, भाजपा नेता जय भगवान गोयल और अन्य नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर समर्थन जताया और पलायन न करने की अपील की। जय भगवान गोयल ने कहा कि “यहां हिंदुओं को डराकर पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। अगर सरकार ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।”
सरकार का आश्वासन: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है। उन्होंने कहा, “पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द सभी दोषी सलाखों के पीछे होंगे और मृतक परिवार को पूरी न्याय दिलाया जाएगा।”
इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर दिल्ली की कानून व्यवस्था और सामाजिक तानेबाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्रवाई अब कसौटी पर है और स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।
