उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, 107 सड़कें बंद

उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने और गरज के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है। भारी बारिश को देखते हुए देहरादून में आज कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

बुधवार को दिन में तेज धूप निकलने से देहरादून के तापमान में करीब चार डिग्री की बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, शाम को मौसम बदला और बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में 107 सड़कें बंद हैं। इनमें 78 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। चमोली में 20, नैनीताल और पिथौरागढ़ में 17-17, बागेश्वर में 10, देहरादून और पौड़ी में 10-10, रुद्रप्रयाग में 9, टिहरी में 7, उत्तरकाशी में 5 और अल्मोड़ा में 2 सड़कें बंद हैं।