नारायणबगड़ में आवारा कुत्तों का आतंक, 11 लोगों को काटा
चमोली के नारायणबगड़ और नलगांव क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोगों को कुत्तों ने काट लिया। पिछले तीन दिनों में क्षेत्र में 11 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं, जिनमें पांच स्कूली बच्चे शामिल हैं।
कुत्तों के बढ़ते आतंक से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग बाजार आने से भी डर रहे हैं और कई लोग सुरक्षा के लिए हाथों में डंडे लेकर घर से निकल रहे हैं। इसके चलते बाजार में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। वन विभाग ने अब तक दो कुत्तों को पकड़ लिया है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने नारायणबगड़ और नलगांव क्षेत्र के 10 स्कूलों में 20 से 23 अगस्त तक अवकाश घोषित कर दिया है। इस दौरान शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई के बावजूद लोगों में डर बना हुआ है। स्थानीय लोग हिंसक कुत्तों से जल्द निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।