The portals of Badrinath Dham will close for the winter season on November 16; 'Panch Puja' will commence on November 12.
बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो जाएगी। मंदिर के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए जाएंगे। इससे पहले बदरीनाथ मंदिर में परंपरानुसार पंच पूजाएं संपन्न कराई जाएंगी।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के तहत 12 नवंबर को गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे। वहीं, 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद कर दिया जाएगा। कपाट बंद होने के अंतिम तीन दिनों तक गुप्त मंत्रों के साथ भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना होगी।
15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा और भगवान बदरीविशाल के दरबार में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर को रावल अमरनाथ नंबूदरी महिला का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीश पंचायत यानी मंदिर के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। इसी दिन भगवान कुबेर और उद्धव की डोलियों को मंदिर परिसर में लाया जाएगा।
सभी धार्मिक परंपराएं पूरी होने के बाद 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की बदरीनाथ धाम की यात्रा का समापन हो जाएगा।
