देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा, चार पर्यटकों की मौत
देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लच्छीवाला के पास बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा नंबर की तेज रफ्तार इको वैन सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा टकराई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से सात लोग मंगलवार को हरिद्वार घूमने आए थे। बुधवार सुबह सभी देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वे हरिद्वार होते हुए हरियाणा लौट रहे थे। इसी दौरान माता मणिमाई मंदिर के पास चालक सोमपाल को नींद की झपकी आने लगी। यात्रियों ने उसे कई बार सावधान भी किया, लेकिन कुछ ही देर बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए। वहीं, यूटिलिटी वाहन करीब 25 से 30 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से टकरा गया।
हादसे के बाद पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान विनोद, चालक सोमपाल और नरेश समेत चार लोगों की मौत हो गई। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं, विपेंद्र सिंह, लाला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी और तेज रफ्तार मानी जा रही है।