Winter tourism to get a boost in Uttarakhand; Winter Games to be held in Auli once again
चारधाम यात्रा के बाद अब उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार पर्यटन को सालभर की गतिविधि बनाने के लिए विंटर टूरिज्म, एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म पर फोकस कर रही है। इसी कड़ी में चमोली जिले के औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स आयोजित करने की तैयारी है। वर्ष 2018 के बाद यहां एक बार फिर शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद जगी है।
पर्यटन विभाग ने शीतकालीन यात्रा को आकर्षक बनाने के लिए चारधाम के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। बाबा केदार, बदरी विशाल, मां गंगोत्री और यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही साहसिक और वेलनेस पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
इसी दिशा में 20 नवंबर से अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। करीब 700 किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू होकर बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी और उत्तरकाशी होते हुए 26 नवंबर को देहरादून में समाप्त होगी।
वहीं, औली में विंटर गेम्स की तैयारियां भी आगे बढ़ रही हैं। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से कृत्रिम बर्फ तैयार करने के लिए लगाए गए आर्टिफिशियल स्नोमेकिंग सिस्टम की मरम्मत का पहला चरण पूरा हो चुका है। इसके बाद पहाड़ों में तापमान और नमी की नियमित निगरानी शुरू कर दी गई है। बाकी मरम्मत का काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम के कपाट बंद होने के बाद धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों से यात्रा संचालित की जाएगी। इसके अलावा साहसिक गतिविधियों के माध्यम से देश-दुनिया के पर्यटकों को उत्तराखंड आने के लिए आकर्षित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य शीतकाल में भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर प्रदेश में पर्यटन का नया सीजन विकसित करना है।
