College principal arrested for creating forged marksheets and transfer certificates; had hatched a conspiracy to secure jobs and pensions.
रुड़की में फर्जी मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी (पिरान कलियर) के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की और दूसरे छात्रों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलते हुए फर्जी अंकतालिकाएं तैयार कीं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने संदीप कुमार निवासी पलूनी, पोस्ट हालूमाजरा, भगवानपुर और सपना देवी निवासी हलीमपुर तुर्रा, पोस्ट हालूमाजरा, भगवानपुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि दोनों ने मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन का लाभ प्राप्त करने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और अपने चाचा को पिता दर्शाने का प्रयास किया। इस काम में कॉलेज के प्रधानाचार्य ने उनकी मदद की थी।
शिकायत के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज से दसवीं की परीक्षा दी थी, जिसमें दोनों असफल रहे थे। इसके बाद संदीप ने वर्ष 2015 में दूसरे विद्यालय से दसवीं की परीक्षा पास कर ली, जबकि सपना दोबारा भी परीक्षा में सफल नहीं हो सकी। जांच के दौरान दोनों की कक्षा नौ की मार्कशीट में भी गड़बड़ी सामने आई।
पूछताछ में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व प्रधानाचार्य की मृत्यु के बाद से वह कॉलेज का संचालन कर रहा है। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान उसने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर संदीप और सपना के साथ मिलकर फर्जी मार्कशीट और टीसी तैयार की।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी रविंद्र कुमार निवासी माजरी, पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
