खरगे की उत्तराखंड एंट्री से पहले कांग्रेस का बड़ा चुनावी अभियान, देहरादून की 6 विधानसभा सीटों पर निकलेगी ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा
उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठन देहरादून जिले की छह विधानसभा सीटों पर ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ निकालकर चुनावी माहौल बनाने की तैयारी में जुट गया है।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, यात्रा का दूसरा चरण 2 से 4 अगस्त के बीच आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विकासनगर, सहसपुर, कैंट, धर्मपुर, मसूरी और राजपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं, कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का नेतृत्व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह करेंगे।
पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना है। इसके बाद 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कार्यकर्ताओं की विशाल रैली को संबोधित करेंगे, जिसे पार्टी आगामी चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में देख रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी शामिल रहेंगे।
वहीं 3 अगस्त को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का अगला चरण आयोजित होगा। इस दौरान भी पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और कांग्रेस की नीतियों व आगामी रणनीति को जनता के बीच लेकर जाएंगे। पार्टी का दावा है कि यह अभियान प्रदेश में बदलाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में अहम साबित होगा।