The grand Kanwar festival begins in Haridwar today; the pilgrimage of Shiva devotees will take place under the security cover of 6,000 personnel.
श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ गुरुवार से हो रहा है। 11 अगस्त तक चलने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन के लिए हरिद्वार पूरी तरह तैयार है। करोड़ों शिवभक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम भी किए हैं।
यात्रा के दौरान गंगाजल लेने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 6 हजार पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। कांवड़ पटरी मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, हर की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों, मंदिरों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे, जबकि ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी नेटवर्क और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे मेले पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, वहीं चिकित्सा दल, अग्निशमन विभाग और आपदा राहत टीमें भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हालांकि पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे थे, लेकिन कांवड़ मेले का आधिकारिक शुभारंभ आज से माना जा रहा है। आने वाले दिनों में हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने की भी संभावना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करें।
