Woman takes her own life by hanging in Mussoorie; administrative inquiry initiated as the marriage was less than seven years old.
मसूरी के लाइब्रेरी–किंग्रेग मार्ग स्थित हुसैनगंज इलाके में एक महिला द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से मिले सभी तथ्यों को सुरक्षित कर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, मृतका के पति होमगार्ड में कार्यरत हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे मामलों में कानूनी प्रावधानों के तहत प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक महिला ने कथित रूप से अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दी। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
