Claim that Surendra Koli's original identity is Sadaram; this name also appears in the family register and school records.
हरिद्वार के भूपतवाला में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी सुरेंद्र कोली की पुरानी पहचान को लेकर नई जानकारी सामने आई है। अल्मोड़ा के मंगरूखाल रुडोली गांव में सुरेंद्र कोली को कथित तौर पर सदाराम के नाम से जाना जाता था। परिवार रजिस्टर की नकल और स्कूल के दस्तावेजों में भी सदाराम नाम दर्ज होने का दावा किया गया है।
परिवार की मदद करते रहे पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने बताया कि गांव से शहर जाने के बाद सदाराम ने अपना नाम सुरेंद्र कोली रख लिया था। उनके अनुसार, रिहाई के बाद वह आधार कार्ड में भी अपना पुराना नाम दर्ज कराने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन दस्तावेजी प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण ऐसा नहीं हो सका।
18 सितंबर को सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने एक चाय के खोखे में सुरेंद्र कोली संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। उनके गले में रस्सी का फंदा था और रस्सी का टूटा हिस्सा पंखे से लटका मिला था। पुलिस को उनके बैग से दो पहचान पत्र मिले। इनमें एक आधार कार्ड पर सुरेंद्र कोली पुत्र शंकर, निवासी सेक्टर-32, नोएडा दर्ज था, जबकि वर्ष 2003 के बताए जा रहे पुराने पहचान पत्र पर सदाराम पुत्र शंकर, निवासी ग्राम मंगरूखाल रुडोली, अल्मोड़ा लिखा था।
दो अलग-अलग पहचान पत्र सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान और हरिद्वार में रहने से जुड़े पहलुओं की भी जांच शुरू की है। फिलहाल पुलिस ने प्रथमदृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच शुरू की है, हालांकि परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सुरेंद्र के भाई चंदन ने सप्तऋषि चौकी प्रभारी को तहरीर देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि 19 सितंबर को हरिद्वार पहुंचने पर उन्होंने शव देखा तो मुंह और नाक से खून निकल रहा था तथा गले में रस्सी बंधी थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने मौत की गहन जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव का वीडियोग्राफी के बीच पैनल से पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने खड़खड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और मामले की जांच जारी है।
