Uttarakhand Madrasa Education Council President met Defense Minister in Delhi
उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष मुफ्ती शमून क़ासमी ने आज मंगलवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उनके साथ शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों व सूफियों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
मुफ्ती क़ासमी ने रक्षा मंत्री को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर साहसिक कार्रवाई कर देश की रक्षा नीति को नई दिशा भी दी है। उन्होंने कहा कि इस सैन्य ऑपरेशन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की रणनीतिक स्थिति और सख्त सुरक्षा नीति को सराहना भी मिल रही है।
मुफ्ती क़ासमी ने मांग की कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए जवानों और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी हमले में मारे गए आम नागरिकों के परिजनों को विशेष आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड मदरसा बोर्ड अपने नए शैक्षणिक पाठ्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को शामिल करने पर विचार कर रहा है, ताकि मदरसों में पढ़ने वाले छात्र देश की सैन्य उपलब्धियों व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी हासिल कर सकें।
