Uproar at Doon University after a worm was found in the mess food a day before the elections.
दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव से ठीक एक दिन पहले सोमवार देर रात मेस के खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्राओं ने मेस की व्यवस्था और खाने की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया।
मामला बढ़ने पर बड़ी संख्या में छात्राएं कुलपति आवास के बाहर पहुंच गईं और नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात छात्रों के कुलपति आवास के बाहर पहुंचने की सूचना से विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर को भी मौके पर बुलाया गया।
छात्रों का आरोप है कि मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। सोमवार रात खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। देर रात तक छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर कुलपति आवास के बाहर डटे रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि सुबह बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण किया गया था, लेकिन व्यस्तता के चलते गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण नहीं हो पाया। पहले भी छात्रों की ओर से ऐसी शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए थे।
विश्वविद्यालय में छात्रों को 2200 रुपये में तीन वक्त का भोजन दिया जा रहा है। वहीं, 29 सितंबर को छात्र परिषद के चुनाव भी होने हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, कुछ छात्र इस मामले को राजनीतिक मुद्दा भी बना रहे हैं।
