SIR scrapped in Uttarakhand; final electoral roll to be released on October 3.
उत्तराखंड में चुनाव आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सोमवार रात 12 बजे समाप्त हो गया। इसके साथ ही आयोग ने मतदाता सूची से जुड़ा पूरा डाटा फ्रीज कर दिया है। अब तीन अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इससे स्पष्ट होगा कि पुनरीक्षण के दौरान कितने मतदाताओं के नाम हटे और कितने नए मतदाता सूची में जुड़े।
चुनाव आयोग ने आठ जून से एसआईआर की शुरुआत की थी। इसके तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र भेजे गए, जिन्हें सात जुलाई तक भरकर वापस लिया गया। 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई। इसके बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक का समय दिया गया। इनकी सुनवाई और निस्तारण 10 जुलाई से 28 सितंबर तक किया गया।
पहले अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी, लेकिन पांच जिलों के मतदाताओं के उत्तर प्रदेश से सत्यापन के कारण इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि अब पूरा डाटा फ्रीज हो चुका है और इसमें किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं है। हालांकि, छूटे हुए और नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर दोबारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से चलाए गए मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान के दौरान प्री-एसआईआर में करीब पांच लाख ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए गए, जो दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके थे या जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। एसआईआर के दौरान बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद करीब आठ लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने की। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण सोमवार को पूरा कर लिया गया है। नागरिक ऑनलाइन ईसीआई-नेट या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी से राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूरी, बसपा से सत्यपाल और सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई(एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।
