Uttarakhand A youth who suffered 96% burn injuries under suspicious circumstances died. Before his death, Mohit said, 'Four people burnt him'
काशीपुर के मानपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास बीते सोमवार रात एक युवक संदिग्ध हालात में आग की लपटों में घिरा मिला। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने डॉक्टरों से बताया कि उसे 4 लोगों ने जलाया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को 96% जलने के कारण डॉक्टर हिमांशु चौधरी ने उसे हायर सेंटर हल्द्वानी में रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी अमर चंद्र शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि युवक का किसी से प्रेम प्रसंग था और पहले के विवादों को देखते हुए यह खुदकुशी का मामला भी प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने कहा कि यह संभवतः युवक ने खुद को आग लगाई है। मृतक युवक की पहचान मोहित (20) पुत्र राम स्वरूप, दभौरा टांडा परमानंदपुर निवासी के रूप में हुई है।
मोहित के परिजनों का आरोप है कि जिस युवती से मोहित का प्रेम प्रसंग था, उसके परिवार ने 3 दिन पहले मोहित को पीटा था, लेकिन उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। अब इस घटनाक्रम के बाद परिजनों ने पुलिस से न्याय की मांग भी की है।
