Major robbery at a school in Vikasnagar; principal and family held hostage.
देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल में दो नकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम राठौर, उनके पति गोपाल सिंह राठौर और बेटे आरव राठौर को बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये की नकदी लूट ली।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के मुताबिक, बदमाश बाहर के दरवाजे का पेंच खोलकर जाली हटाने के बाद अंदर दाखिल हुए और स्कूल की अलमारियों को भी खंगाला। प्रधानाचार्य ने पुलिस को बताया कि बदमाश कह रहे थे कि उन्हें प्रधानाचार्य को मारने की सुपारी मिली है, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि नीलम राठौर ही प्रधानाचार्य हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य से पूछा कि वह कहां रहती हैं, जिस पर उन्होंने अजीत नगर में रहने की बात बताई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों में भी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
