Two shops and a house collapsed due to heavy rain in Dehradun; heavy rain alert issued for several districts.
राजधानी देहरादून में देर रात हुई तेज बारिश के बाद सुबह बंजारावाला के चांचक चौक के पास मुस्लिम बस्ती कारगी ग्रांट के बिस्मिल्लाह चौक में दो दुकानें और एक मकान ढह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घर और दुकानों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
वहीं, उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
