Even a year after the Dharali disaster, the Kalp Kedar temple remains buried under debris; villagers are awaiting the deity's command.
उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में पिछले वर्ष आई भीषण आपदा को एक साल बीत चुका है, लेकिन प्राचीन कल्प केदार मंदिर अब भी मलबे के नीचे दबा हुआ है। करीब 25 फीट गहराई में दबे इस मंदिर को बाहर निकालने की दिशा में अभी तक कोई खुदाई शुरू नहीं हो सकी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम देवता समेश्वर देवता के निर्देश के अनुसार 5 अगस्त 2026 से पहले मंदिर स्थल पर कोई खुदाई नहीं की जाएगी।
5 अगस्त 2025 को आई प्राकृतिक आपदा में यह ऐतिहासिक शिव मंदिर पूरी तरह मलबे में समा गया था। सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ यात्री दर्शन के लिए पहुंचते थे। आपदा के बाद मंदिर की तलाश के लिए एनडीआरएफ की सहायता ली गई थी। खोज अभियान के दौरान जिस स्थान को मंदिर का संभावित स्थल माना गया, वहां प्रतीक के रूप में हनुमान ध्वज स्थापित किया गया।
इसके बाद जून 2026 में स्थानीय युवाओं ने मंदिर स्थल के आसपास सफाई अभियान चलाया और पहचान बनाए रखने के लिए लकड़ी के खंभे व धार्मिक ध्वज लगाए। हालांकि मंदिर को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले ग्रामीणों ने ग्राम देवता समेश्वर की देवडोली से अनुमति मांगी।
कल्प केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश पंवार ने बताया कि देवता के आदेश के अनुसार 5 अगस्त 2026 तक खुदाई नहीं की जाएगी। एक वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद दोबारा देवडोली से मार्गदर्शन लिया जाएगा। इसके बाद ही मंदिर को मलबे से निकालने को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
