Tragic road accident in Ramnagar, bus hits mother and son riding a bike, son dies
रामनगर (नैनीताल) में शुक्रवार, 4 अप्रैल को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें उत्तराखंड रोडवेज की बस ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार सुबह उत्तराखंड परिवहन निगम की भवाली डिपो की रोडवेज बस (संख्या यूके 07 पी 2971) रामनगर से हरिद्वार होते हुए देहरादून जा रही थी। जैसे ही बस नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास नया गांव के समीप पहुंची, उसकी बाइक संख्या यूपी 21 डीबी 8314 से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक पर सवार युवक मोहम्मद तारुख खान (30 वर्ष), जो रामपुर (यूपी) का निवासी था, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी मां सईदा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल सईदा को पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
रामनगर कोतवाली के वरिष्ठ निरीक्षक मनोज नयाल ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक युवक के परिजन रामनगर पहुंच गए हैं।
