A PRTC bus coming from the wrong direction hit a teenager on a motorcycle, killing him on the spot; the driver has been arrested.
बठिंडा-मलोट रोड पर बल्लुआणा टोल प्लाजा के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। आरोप है कि सरकारी PRTC बस का चालक गलत दिशा में बस चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार किशोर को बस ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गांव करमगढ़ सत्तरा निवासी सुखमनदीप सिंह पुत्र राम कृष्ण के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुखमनदीप सिंह बल्लुआणा में ट्यूशन पढ़ने गया था। ट्यूशन से छुट्टी होने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने गांव करमगढ़ सत्तरा लौट रहा था। इसी दौरान बल्लुआणा टोल प्लाजा के नजदीक गलत दिशा से आ रही PRTC बस ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस लेकर फरार हुआ चालक
आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय बस लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह बठिंडा की ओर जाने के बजाय गांवों के रास्ते बस लेकर वापस मलोट पहुंच गया। पुलिस ने पीछा कर आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फौजी पिता ने बेटे को भेजा था ट्यूशन, घर पहुंची मौत की खबर
सुखमनदीप के पिता भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अपने बेटे को पढ़ाई के लिए ट्यूशन भेजा था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटते समय बेटा सड़क हादसे का शिकार हो जाएगा। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिता का दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे से गुस्साए गांव करमगढ़ सत्तरा के ग्रामीणों और परिजनों ने किशोर का शव सड़क के बीच रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग उठाई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार को कार्रवाई का भरोसा देकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया। धरने के चलते बठिंडा-मलोट रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।
