23-year-old woman dies by suicide following a shooting and stone-pelting incident in Ludhiana; both sides level serious allegations.
लुधियाना के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरन नगर में सोमवार देर रात हुई गोलीबारी और पथराव की घटना के बाद 23 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले में युवती के परिजनों और एक उद्योगपति ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उद्योगपति दिव्यांशु बग्गा का दावा है कि उसके युवती रैना धीर के साथ प्रेम संबंध थे। दिव्यांशु के मुताबिक, 2 नवंबर की देर रात रैना ने उसे जन्मदिन का केक काटने के लिए अपने घर बुलाया था। वह रात करीब 12:30 बजे अपनी थार गाड़ी से वहां पहुंचा। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। दिव्यांशु का आरोप है कि युवती की मां सीमा रानी के उकसाने पर उसके भाई रोहन धीर और 25 से 30 अज्ञात लोगों ने उस पर 15 से 20 राउंड फायरिंग की और उसकी गाड़ी पर पथराव किया। गोलियां लगने से गाड़ी के टायर फट गए, लेकिन वह किसी तरह क्षतिग्रस्त वाहन लेकर वहां से निकलने में सफल रहा।
दिव्यांशु का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से पहचान थी और खाटू श्याम यात्रा के दौरान उसके और रैना के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। उसका आरोप है कि इस घटना और परिजनों की ओर से कथित हमले के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने आत्महत्या कर ली।
वहीं, अस्पताल पहुंचे मृतका के भाई रोहन धीर ने दिव्यांशु के सभी आरोपों को खारिज किया है। रोहन का आरोप है कि दिव्यांशु पिछले तीन महीनों से उसकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और गली में उसके साथ छेड़छाड़ करता था। कई बार चेतावनी देने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। रोहन के मुताबिक, घटना की रात दिव्यांशु अपने साथियों के साथ घर के बाहर आया, वहां शराब पी, तेज आवाज में संगीत बजाया और परिजनों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। उसने यह भी आरोप लगाया कि दिव्यांशु ने हैबोवाल से लोगों को बुलाकर उनके घर पर फायरिंग करवाई थी। रोहन का दावा है कि लगातार प्रताड़ना और दबाव के चलते उसकी बहन ने यह कदम उठाया। परिजनों के पास इसके समर्थन में सबूत और कॉल रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर-3 के एसआई हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों की पुष्टि की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
