The portals of Hemkund Sahib will close on October 10; over 2.38 lakh pilgrims have visited so far.
चमोली स्थित हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 10 अक्टूबर को बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 10 अक्टूबर को यात्रा का औपचारिक समापन होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित तिथि से पहले अपनी यात्रा पूरी कर लें।
इस वर्ष हेमकुंड साहिब की यात्रा 23 मई को विधि-विधान के साथ शुरू हुई थी। कपाट खुलने के बाद से अब तक देश-विदेश से 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना हुआ है।
इन दिनों हेमकुंड घाटी प्राकृतिक सुंदरता से भी भर उठी है। घाटी में विभिन्न प्रजातियों के फूल खिले हुए हैं। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्र में पाया जाने वाला दुर्लभ ब्रह्मकमल भी अपनी खूबसूरती बिखेर रहा है। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से इस मनमोहक प्राकृतिक नजारे का आनंद लेने और प्रकृति की सुंदरता को सुरक्षित रखने की अपील की है।
समुद्र तल से 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब सात बर्फ से ढकी चोटियों और पवित्र हिमानी झील से घिरा हुआ है। सिख धर्म में इस स्थान का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग के लिए उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बल, सेना, सेवादारों और समस्त संगत का आभार व्यक्त किया।
