A massive surge of devotion was witnessed at Kedarnath Dham on the last Monday of Sawan, with over 1.445 million pilgrims arriving.
सावन माह के आखिरी सोमवार को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु और कांवड़िये बाबा केदार के दर्शन के लिए कतार में नजर आए। बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बदलते मौसम के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
केदारपुरी और यात्रा मार्ग पर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय बाबा केदार के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़िये गंगाजल लेकर कठिन पैदल यात्रा करते हुए केदारनाथ पहुंचे और बाबा केदार का जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालु बारिश के बीच भी पैदल मार्ग पर आगे बढ़ते रहे और धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।
इस साल केदारनाथ धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 14,45,946 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। सावन के आखिरी सोमवार को उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दिखाया।
मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट रही। केदारनाथ यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई। संवेदनशील स्थानों पर संबंधित विभागों की टीमें तैनात रहीं और मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और ठहरने समेत जरूरी व्यवस्थाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
बारिश के बीच केदारनाथ धाम का पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कठिन मौसम और लंबी यात्रा के बावजूद बाबा केदार के दर्शन को बेहद खास बताया। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने, अनावश्यक जोखिम से बचने और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
