Sports Minister will give presentation on the success of National Games in Hyderabad, preparation strategy for next games will be discussed
देहरादून: उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता को लेकर राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या 7 और 8 मार्च को हैदराबाद में होने वाले मंथन शिविर में प्रेजेंटेशन देंगी। इस शिविर में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडावीया और सभी राज्य सरकारों के खेल मंत्री शामिल होंगे। इसमें पूर्व ओलंपियन और विभिन्न खेलों के कोच भी शिरकत करेंगे।
मंगलवार को विधानसभा भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए खेल मंत्री ने बताया कि प्रेजेंटेशन में यह विवरण दिया जाएगा कि किस तरह उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल और भव्य आयोजन हुआ। साथ ही, 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में खेल मंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों को अगले राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार करने की रणनीति पर भी विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की दिशा में की गई प्रगति की समीक्षा भी की गई। खेल मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय को यूजीसी सहित अन्य संस्थाओं से मान्यता दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
बैठक में विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक प्रशांत आर्य, और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई भी उपस्थित थे।
