BJP meeting Decision to take UCC and land law to the masses
देहरादून: प्रदेश भाजपा की बैठक में यूसीसी और भू कानून के ऐतिहासिक कदम को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान संगठन पर्व के सफलता पूर्वक संचालन पर खुशी व्यक्त करते हुए पार्टी के अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि पार्टी मुख्यालय से संचालित इस वर्चुअल बैठक को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संबोधित किया। इस बैठक में पार्टी विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी, सह प्रभारी समेत मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों ने शिरकत की।
बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन पर्व कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित अटल जन्मशताब्दी वर्ष कार्यक्रम, संविधान गौरव अभियान, महिला दिवस जैसी गतिविधियों की भी जानकारी ली गई।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन पर्व के सफल संचालन पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सरकार द्वारा हाल में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों की जनभावनाओं और अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए सशक्त भू कानून लागू किया है। लंबे समय से इस प्रकार के कानून की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री धामी ने इस कानून को लागू करने का संकल्प लिया था और इस दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी इस प्रक्रिया में लगने वाले समय का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही थी।” उन्होंने यह भी कहा कि अब हमें जनता में जागरूकता फैलानी है और विधानसभा स्तर पर भू कानून और यूसीसी पर जनसभाएं आयोजित करनी हैं।
प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन पर्व की सफलता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए और सभी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अटल शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की गति को बढ़ाने का आह्वान किया, जिसमें गोष्ठियां, साहित्य संग्रह, विचार गोष्ठी और जीवनवृत के अनुभवी व्यक्तियों का सम्मान शामिल था। इसके साथ ही संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रमों को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाने का भी निर्देश दिया।
प्रदेश महामंत्री ने आगामी महिला दिवस के संदर्भ में महिला मोर्चा, महिला विधायक और पदाधिकारियों को जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यूसीसी और भू कानून के प्रावधानों को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी को जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यह दोनों कानून जनभावनाओं के अनुरूप हैं और हमें उन्हें जागरूक करना है ताकि कोई गलतफहमी न फैले।”
बैठक में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी द्वारा बैठक का संचालन किया गया। इसमें राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक महंत दिलीप रावत, प्रमोद नैनवाल, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, और अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
