Sensational dowry harassment case in Haldwani Pregnant woman threatened with triple talaq, attempted to be forced to drink pesticide!
हल्द्वानी: बनभूलपुरा इलाके में दहेज उत्पीड़न व तीन तलाक की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गर्भवती महिला को कार की मांग पूरी न करने पर प्रताड़ित भी किया गया और कीटनाशक पिलाकर जान लेने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने पति सहित सात ससुराल पक्ष के सदस्यों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
आज़ाद नगर निवासी बशीरत जहां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जून माह, वर्ष 2024 में उनका निकाह किच्छा निवासी जुनैद खान से हुआ था। शादी के बाद उन्हें पता चला कि पति नशे की लत व आपराधिक प्रवृत्ति वाला है। आरोप है कि पति, ससुर, सास, ननदों, बहनोई व जेठ लगातार कम दहेज का ताना देते और कार की मांग को लेकर दबाव बनाते थे। कई बार खाना तक भी नहीं दिया जाता था।
महिला ने बताया कि वह गर्भवती है और 10 सितंबर को पति ने खर्च उठाने से ही इनकार कर दिया, जिसके बाद वह मायके आ गई। 16 सितंबर को दो लाख रुपये की नई मांग भी की गई और मना करने पर तीन तलाक की धमकी दी गई। जब वह ससुराल लौटी तो आरोप है कि उसे पीटा गया व कीटनाशक पिलाने का प्रयास किया गया। शिकायत करने पर उसे घर से निकाल भी दिया गया।
बनभूलपुरा एसओ सुशील जोशी के अनुसार, जांच के बाद पति जुनैद, ससुर नयाब खान, सास रफतजहां, ननद सुमायला, बहनोई आदिल, दूसरी ननद इरम व बड़े भाई रूमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू भी कर दी गई है।
