Cyber fraud attempt created by creating fake Facebook profile of BJP leader
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा की पहचान का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठगों ने उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया है। इस प्रोफाइल के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और मैसेज कर व्हाट्सएप नंबर मांगे जा रहे हैं। इसके अलावा सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े संदिग्ध संदेश भी भेजे जा रहे हैं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद फणींद्रनाथ शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक रूप से सावधान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फर्जी फेसबुक अकाउंट से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं, मित्रों और आम लोगों से अपील की है कि फर्जी प्रोफाइल से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें और अपना व्हाट्सएप नंबर या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के लेन-देन से बचने की भी अपील की है। साथ ही, फर्जी फेसबुक अकाउंट को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करने को कहा है, ताकि उसके जरिए किसी अन्य व्यक्ति के साथ साइबर ठगी न हो सके।
