Truck loaded with bricks crashes into girls' hostel in Mohbbewala; major accident averted.
देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे से आ रहा ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया और पलट गया। हादसे के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटें लेकर देहरादून आ रहा था। नेशनल हाईवे से शहर की ओर प्रवेश करते समय ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप से गुजरने के दौरान ट्रक में काफी उछाल आया। चालक के मुताबिक इसी दौरान ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। करीब 200 मीटर तक ट्रक अनियंत्रित अवस्था में आगे बढ़ता रहा। सड़क पर लोगों को नुकसान से बचाने के लिए चालक ने ट्रक को किनारे मोड़ दिया, जिसके बाद वह गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया और पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को भी मौके से हटवाया। थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है और चालक का इलाज कराया गया है।
वहीं, ट्रक चालक मशरूर ने हादसे की वजह रंबल स्ट्रिप को बताया। उसका कहना है कि रंबल स्ट्रिप से ट्रक की गति तो कम हुई, लेकिन वहां से गुजरते समय ट्रक में काफी उछाल आया, जिसके बाद ब्रेक फेल हो गए। जनहानि से बचने के लिए उसने ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया और ट्रक हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा।
मोहब्बेवाला में यह पहला हादसा नहीं है। कुछ दिन पहले भी यहां हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हुए थे। इसके बाद देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन की ओर से रंबल स्ट्रिप लगाए जाने के बाद वाहनों की गति कम हुई है, लेकिन वाहन चालकों का कहना है कि इनसे गुजरते समय भारी वाहनों में काफी उछाल आ रहा है। शुक्रवार को हुए हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रंबल स्ट्रिप की डिजाइन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
