BJP meeting today regarding Rajya Sabha candidate in Uttarakhand
उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के प्रत्याशी के चयन को लेकर आज शुक्रवार को प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होगी। बैठक में तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की बात सामने आई है। अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
राज्यसभा की यह सीट मौजूदा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हो रही है। चुनाव 16 अक्टूबर को होना है, जबकि नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
प्रत्याशी चयन में गढ़वाल और कुमाऊं के क्षेत्रीय संतुलन को लेकर भी चर्चा है। भाजपा के कुमाऊं से आखिरी राज्यसभा सांसद भगत सिंह कोश्यारी रहे हैं, जिनका कार्यकाल 2008 से 2014 के बीच था। मौजूदा समय में उत्तराखंड से राज्यसभा के तीनों भाजपा सांसद महेंद्र भट्ट, डॉ. कल्पना सैनी और नरेश बंसल हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के समीकरण पर भी मंथन होने की बात कही जा रही है।
वहीं, नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के कारण वैश्य समाज से किसी चेहरे को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा भी है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री और ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का नाम भी संभावित दावेदारों में चर्चा में आया है। बताया गया है कि उन्होंने बृहस्पतिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी।
हालांकि, प्रेमचंद अग्रवाल के नाम को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कोर कमेटी की बैठक में संभावित नामों पर चर्चा के बाद तीन सदस्यीय पैनल तैयार किया जाएगा और इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम पर अंतिम फैसला करेगा।
