Police to record MLA's statement in farmhouse gang-rape case.
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी स्थित फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की विवेचना आगे बढ़ रही है। घटना जिस फार्म हाउस में हुई, उसके मालिक उत्तराखंड के विधायक उमेश शर्मा के बयान भी पुलिस दर्ज करेगी। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि घटना विधायक के फार्म हाउस में हुई है, इसलिए विवेचना के दौरान फार्म हाउस की व्यवस्थाओं, वहां आने-जाने वालों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर विधायक से पूछताछ की जाएगी। एसपी ने साफ किया कि फिलहाल घटना में विधायक की किसी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है। मालिक होने के नाते उनका बयान विवेचना का हिस्सा होगा।
इधर, फार्म हाउस के केयरटेकर रामनिवास की शिकायत को विधायक उमेश शर्मा द्वारा फेसबुक पर साझा किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। रामनिवास ने पुलिस अधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि रात को फार्म हाउस पहुंचे दरोगा और पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे धमकाया। विधायक ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे यह प्रार्थना पत्र अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया। पोस्ट के करीब पांच घंटे के भीतर 589 लाइक, 110 कमेंट और छह शेयर दर्ज किए गए। कई लोगों ने पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं, जबकि कुछ यूजर्स ने विधायक की आलोचना भी की और व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं।
पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर सामूहिक दुष्कर्म और पुलिसकर्मियों की भूमिका से जुड़ी खबरें भी दिनभर वायरल होती रहीं। वायरल पोस्टों में दावा किया गया कि गृह मंत्रालय की फर्जी जांच का झांसा देकर दरोगा और पुलिसकर्मियों ने फार्म हाउस में कमरा लिया था, जहां हरियाणा की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बताया गया कि पीड़िता ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद मामला सामने आया। सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच अमरोहा पुलिस ने आरोपी दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव और सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल मोहित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
वहीं, फार्म हाउस के केयरटेकर रामनिवास ने पुलिसकर्मियों पर धमकी देने का अलग आरोप लगाया है। डीजीपी और एसपी को भेजे शिकायती पत्र में गांव रजोहा निवासी रामनिवास ने बताया कि वह डीडी फार्म हाउस में केयरटेकर है। उसके मुताबिक 22 सितंबर की शाम करीब 6:14 बजे उसे एक नंबर से कई बार फोन आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम परविंदर बताया और कहा कि रजबपुर के एसएसआई नरेश कुमार राणा ने बताया है कि गृह मंत्रालय दिल्ली से कुछ लोग जांच के लिए अमरोहा आ रहे हैं और उन्हें कुछ घंटे फार्म हाउस पर रुकना है। इसके बाद एसआई नरेश राणा ने भी फोन कर फार्म हाउस की लोकेशन मांगी।
रामनिवास के अनुसार उसने व्हाट्सएप पर फार्म हाउस की लोकेशन भेज दी। शिकायत में आरोप है कि एसएसआई नरेश राणा ने फार्म हाउस में कमरा उपलब्ध कराने को कहा। रामनिवास ने पहले मालिकों से बात करने की बात कही और शाम करीब साढ़े पांच बजे फार्म हाउस से अपने गांव चला गया। रात करीब आठ बजे चौकीदार मंगली ने फोन कर बताया कि कुछ पुलिस अधिकारी फार्म हाउस पहुंचे हैं।
रामनिवास का कहना है कि रात करीब 10:13 बजे वह फार्म हाउस पहुंचा। वहां स्थानीय दरोगा के साथ एक महिला, सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल मौजूद थे। रामनिवास ने आरोप लगाया कि जब उसने अधिकारियों से फार्म हाउस के मालिकों से बात करने की बात कही तो दरोगा ने उसे डांटा, गाली-गलौज की और जान से मारने तथा जेल में सड़ा देने की धमकी दी। आरोप है कि डर के कारण वह वहां से चला गया। रात में चौकीदार के पास भी थाने से पुलिस के आने की सूचना का फोन आया।
रामनिवास के मुताबिक अगली सुबह जब वह फार्म हाउस पहुंचा तो वहां मौजूद लोग जा चुके थे। उसने डीजीपी और एसपी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस अब सामूहिक दुष्कर्म के मामले के साथ-साथ फार्म हाउस में पुलिसकर्मियों के पहुंचने, वहां की व्यवस्थाओं और केयरटेकर की शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
