Questions raised regarding eight SC/ST certificates during MBBS counselling.
एमबीबीएस दाखिले की नीट-यूजी काउंसलिंग के पहले चरण में सीट हासिल करने वाले आठ अभ्यर्थियों के एससी-एसटी जाति प्रमाणपत्रों की वैधता को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आठ अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ तलब किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन मंगलवार को अभ्यर्थियों के मूल जाति प्रमाणपत्रों समेत अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगा। इस दौरान प्रमाणपत्र जारी करने वाले सक्षम प्राधिकारी, प्रमाणपत्र की वैधता और एससी-एसटी आरक्षण का लाभ लेने के लिए निर्धारित पात्रता सहित अन्य जरूरी बिंदुओं का सत्यापन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल ने आठों अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ बुलाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमाणपत्रों की गहनता से जांच की जाएगी और सत्यापन के बाद ही शिकायतों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में किसी प्रमाणपत्र के नियमों के विपरीत पाए जाने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
