Nitin Navin launches a scathing attack on the Congress in Haldwani; gives party workers the ‘Win the booth, win the election’ mantra for 2027.
हल्द्वानी में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पर तुष्टिकरण, देश को बांटने की राजनीति और दलितों के अपमान का आरोप लगाया। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलितों के अपमान का रहा है और संविधान की बात करने वाली कांग्रेस कई मामलों पर चुप रहती है।
सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले सीमांत गांवों को अंतिम गांव माना जाता था, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें ‘प्रथम गांव’ का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि आज लाल चौक पर पाकिस्तानी झंडा नहीं, बल्कि तिरंगा शान से लहराता है। नितिन नवीन ने कहा कि 2047 के विकसित भारत का शंखनाद ‘वंदे मातरम’ से होगा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को चुनौती बताते हुए ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद करे और बिना थके, बिना रुके काम करे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा विकास के कामों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी, जबकि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
