New record for pilgrims at Badrinath Dham; over 2.2 million devotees have offered prayers so far.
बदरीनाथ धाम की यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, लेकिन बाबा बदरीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं के बावजूद हर दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। अब तक 22 लाख से ज्यादा भक्त बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, मंदिर के कपाट बंद होने में अब सिर्फ 15 दिन शेष हैं।
दरअसल, पिछले दिनों धाम की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ गया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को 10 हजार से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए, जबकि रविवार को भी धाम में भारी भीड़ देखने को मिली।
आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार तक बदरीनाथ धाम में 21 लाख 92 हजार 54 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। रविवार को यह संख्या 22 लाख के पार पहुंच गई।
बता दें कि बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस साल श्रद्धालुओं की संख्या ने अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। अगर इसी तरह यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा, तो जल्द ही यह आंकड़ा 23 लाख के पार पहुंच सकता है।
