Police action against drug trafficking and illegal weapons in Amritsar; 6 traffickers arrested; heroin, 5 pistols, and a drone seized.
पंजाब के अमृतसर में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की है। इस दौरान एक किलो से ज्यादा हेरोइन, पांच पिस्टल और एक ड्रोन बरामद किया गया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना घरिंडा, अजनाला, राजासांसी और लोपोके में सात अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, थाना घरिंडा के एएसआई जसकरण सिंह की टीम ने खासा बस अड्डे के पास नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत और हरप्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 73 ग्राम हेरोइन और विदेशी जिगाना पिस्टल की मैगजीन बरामद हुई। वहीं, इसी थाना क्षेत्र में गांव रोड़ावाला कलां के बाहर रेलवे फाटक के पास खेतों से 550 ग्राम हेरोइन, 30 बोर का पिस्टल और बैटरी सहित टूटा हुआ डीजेआई ड्रोन बरामद किया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
थाना अजनाला पुलिस ने गांव लखूवाल के पास सोनू नाम के युवक को गिरफ्तार किया। वह गुज्जरपुरा गांव का रहने वाला है। उसके कब्जे से चार ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उधर, थाना राजासांसी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार ग्राम और 200 ग्राम हेरोइन बरामद की। एक मामले में जगजीत सिंह उर्फ जग्गी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में जगदेव सिंह उर्फ जग्गा और आकाशदीप सिंह उर्फ चिब्बी को काबू किया गया। इनके पास से 700 रुपये की ड्रग मनी के साथ दो पिस्टल और एक मैगजीन भी बरामद हुई।
इसके अलावा, थाना लोपोके में बीएसएफ की बीओपी रानियां के अधिकारियों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बीएसएफ ने एक पिस्टल और मैगजीन पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजे गए थे।
फिलहाल पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
