ED raids the residence of former Punjab Industries Minister Sunder Sham Arora; team arrived at 5 AM.
पंजाब की पूर्व कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री रहे वरिष्ठ नेता सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार सुबह करीब पांच बजे प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने होशियारपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। टीम ने घर को घेरकर जांच शुरू की और कुछ दस्तावेज मांगे।
सुंदर शाम अरोड़ा के वकील एडवोकेट एचएस सैनी ने बताया कि अधिकारियों से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जांच के लिए पहुंची टीम ईडी के चंडीगढ़ कार्यालय से संबंधित है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी किस मामले को लेकर की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले आयकर विभाग की टीम भी अरोड़ा के आवास पर लगातार करीब तीन दिन यानी लगभग 62 घंटे तक जांच कर चुकी है। उस समय सुंदर शाम अरोड़ा ने दावा किया था कि आयकर विभाग की कार्रवाई उनके बेटे के प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जांच के दौरान अधिकारियों को कोई गैरकानूनी सामग्री नहीं मिली थी।
फिलहाल ईडी की ताजा कार्रवाई के कारणों और मांगे गए दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एजेंसी की ओर से भी अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
