KC Venugopal to arrive in Dehradun today for a two-day visit; will deliberate on election strategy.
अखिल भारतीय कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल आज गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। अपने पहले उत्तराखंड दौरे के दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे।
9 और 10 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, चुनावी तैयारियों का आकलन व भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक प्रकरण से जुड़े राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” की भी समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि केसी वेणुगोपाल का दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलने के साथ आगामी चुनावों के लिए दिशा भी तय होगी।
