Government school students in classes 10 and 12 will receive tablets; a 'Knowledge Bank' will be set up in Uttarakhand.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मिले सुझावों के आधार पर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब देने और प्रदेश में नॉलेज बैंक बनाने की घोषणा की है। विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखंड के विजन को लेकर विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को राज्य सरकार की योजनाओं और नीति निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक, नवाचार और नई सोच के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है और इसे हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को एआई, रोबोटिक्स, डिजिटल और आधुनिक मांग आधारित कौशल से जोड़ना जरूरी है।
पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अधिक अवसर पैदा करने के लिए औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, लगातार मेहनत करने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है।
संवाद के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा का चलन बढ़ रहा है, लेकिन कई परिवार आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों के लिए स्मार्टफोन या लैपटॉप नहीं खरीद पाते। इस पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ही घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत अब तक प्रदेश के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और सुझाव सरकार तक पहुंचाए हैं। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, वन, पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने जैसे विषयों पर सुझाव दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सोच और नवाचार विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर उत्कृष्ट विचार देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षा एवं युवा अवसर विषय में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण, वन एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर, स्वास्थ्य एवं जन सेवाओं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई, सड़क, संपर्क व आधारभूत संरचना में श्रीतिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण, पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चौहान और महिला एवं बाल कल्याण विषय में अनुष्का नेगी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, चंद्रेश कुमार, ज्योति यादव, धीराज गर्ब्याल, सी. सविशंकर, अपर सचिव आलोक कुमार पांडेय, बंशीधर तिवारी, संदीप तिवारी, नमामि बंसल और महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे मौजूद रहे।
