IPS Trupti Bhatt adopted Badrinath police station, inspected it after darshan
बदरीनाथ। 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की सेनानायक और आईपीएस अधिकारी तृप्ति भट्ट ने सोमवार को बदरीनाथ थाना गोद ले लिया है। थाने के विकास व उसे आदर्श थाना के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक अभिनव पहल भी मानी जा रही है।
आईपीएस तृप्ति भट्ट ने बदरीनाथ धाम के दर्शन के पश्चात थाने का गहन निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में वर्तमान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, क्षेत्र में अपराध की स्थिति, पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे बैरक, कार्यालय, भोजनालय व शौचालयों का बारीकी से मूल्यांकन भी किया। उन्होंने इन पहलुओं पर आधारित एक चेकलिस्ट भी तैयार की।
पूर्व अनुभव से साकार हो रहा नया प्रयोग
गौरतलब है कि आईपीएस तृप्ति भट्ट की पहली नियुक्ति 2017 से 2019 तक चमोली जिले की एसपी के रूप में भी हुई थी। इस दौरान उन्होंने राज्य का पहला वर्चुअल पुलिस स्टेशन शुरू कर नवाचार की मिसाल भी पेश की थी। अब सीएम पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श थाना’ विजन को साकार करने के लिए उन्होंने बदरीनाथ थाना को गोद भी लिया है।
एटीएस जवानों को दिए सुरक्षा निर्देश
सेनानायक भट्ट ने बदरीनाथ मंदिर परिसर में तैनात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) के जवानों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने सुरक्षा टास्क की मॉनिटरिंग करते हुए, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निरंतर चेकिंग, फ्रिस्किंग, अभिसूचना संग्रह व सत्यापन पर भी विशेष जोर देने को कहा।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि दर्शन के दौरान बुजुर्गों, बीमारों व दिव्यांगों को विशेष सुविधा दी जाए।
यह पहल बदरीनाथ जैसे संवेदनशील व धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल पर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त व नागरिक मित्र बनाने की दिशा में एक ठोस कदम भी मानी जा रही है।
