ऋषिकेश में बिजली के पोल में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी
ऋषिकेश के वार्ड नंबर 10 स्थित सदानंद मार्ग पर बीते शुक्रवार को बिजली के एक पोल में अचानक ही आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पोल पर बिजली व केबल तारों का भारी जंजाल होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
आग लगते ही आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर भी निकल आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू भी पाया। घटना के चलते कुछ समय के लिए इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और स्थानीय लोगों ने बिजली के पोलों पर फैले तारों के जाल को गंभीर खतरा बताते हुए संबंधित विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग भी की है।