Chamoli tunnel accident: Oxygen levels dropped, workers trapped in sludge; said, "After a loud blast, death seemed imminent."
चमोली में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टीआर टनल से बचकर बाहर आए घायल मजदूरों ने हादसे की भयावह आपबीती सुनाई है। मजदूरों के मुताबिक, सुरंग में अचानक भूस्खलन होने के बाद मलबा, पानी और पत्थर तेज रफ्तार से अंदर घुस आए। कई मजदूर कीचड़ में आधे शरीर तक फंस गए और टनल के अंदर ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिरने लगा, जिससे सांस लेना तक मुश्किल हो गया।
घायलों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां एक दिन पहले ही मिट्टी खिसकने लगी थी और उसके धंसने की आशंका जताई जा रही थी। यह टनल दुर्गापुर से सियासैंण तक करीब तीन किलोमीटर लंबी बन रही है, जबकि हादसा सुरंग के अंदर करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हुआ।
छत्तीसगढ़ के घायल मजदूर सुनील दीवान ने बताया कि वह करीब 16-17 साथियों के साथ सरिया की सेंटरिंग का काम कर रहे थे। तभी करीब 150 मीटर दूर जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते मलबे का तेज बहाव उनकी ओर आ गया। कई मजदूर दूर जा गिरे, कुछ मलबे में दब गए, जबकि कुछ लोग धक्के के कारण बाहर की ओर बहते चले गए।
सुनील ने बताया कि हादसे के बाद चारों तरफ “बचाओ-बचाओ” की आवाजें गूंजने लगीं। कई जगह से मलबा आने के कारण टनल में ऑक्सीजन बेहद कम हो गई थी और दम घुटने की वजह से कई मजदूर आगे बढ़ ही नहीं पा रहे थे। उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से कई लोगों की जान बच सकी।
वहीं ओडिशा के जगेश्वर, जो सुरंग से निकलने वाले पानी को पंप के जरिए बाहर भेजने का काम करते हैं, ने बताया कि शाम करीब 6:10 बजे अचानक बेहद तेज आवाज सुनाई दी। इसके कुछ ही पल बाद टनल की बिजली चली गई और उन्हें किसी बड़े हादसे का अंदेशा हो गया। उन्होंने तुरंत अन्य लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
